फिल्मों में भावनात्मक त्रासदी का सौंदर्यशास्त्र
-राजेश कुमार सिन्हा
मनुष्य ने जब पहली बार किसी कथा को केवल सुनने के लिए नहीं, बल्कि उसे जीने के लिए रचना शुरू किया होगा, तभी से त्रासदी उसकी सबसे विश्वसनीय साथी बन गई होगी। जीवन का सबसे बड़ा विरोधाभास यही है कि मनुष्य सुख की आकांक्षा करता है, लेकिन कला के किसी भी फॉर्म में उसे सबसे अधिक आकर्षित दुःख या त्रासदी करती है। यदि ऐसा नहीं होता तो महाभारत की कथाएँ आज भी उतना ही प्रासंगिक न होतीं, जितनी दो हजार वर्ष पहले थी; राम के वनवास का प्रसंग करोड़ों लोगों की आँखें आज भी नम न करता; शेक्सपीयर के ‘हैमलेट’, ‘ओथेलो’ और ‘किंग लियर’ समय के चक्र में खो चुके होते। यही बात सिनेमा पर भी समान रूप से लागू होती है। फिल्मों का इतिहास जितना मनोरंजन का इतिहास है, उतना ही मनुष्य के दुःख, विफलताओं, विछोह, अपराधबोध और नियति के साथ उसके संघर्ष का भी इतिहास है। यही कारण है कि भारतीय सिनेमा हो या विश्व सिनेमा, उसकी सबसे स्मरणीय कृतियों में अधिकांशतः वे हैं जिनमें भावनात्मक त्रासदी केवल कहानी का एक टूल नहीं, बल्कि उसकी आत्मा बनकर उपस्थित होती है। दर्शक किसी फिल्म को इसलिए याद नहीं रखता कि उसमें कितने भव्य सेट थे या कितनी तकनीकी कुशलता थी; वह उसे इसलिए याद रखता है क्योंकि किसी दृश्य ने उसकी आत्मा को छुआ था। किसी पात्र का अकेलापन, किसी माँ की प्रतीक्षा, किसी प्रेमी का असफल प्रेम, किसी पिता का मौन, किसी स्त्री का अपमान, किसी बच्चे का भय ये सब मिलकर उस भावनात्मक संसार का निर्माण करते हैं जिसे सिनेमा का सौंदर्य शास्त्र कहा जा सकता है। यह कहना सही होगा कि सौंदर्य शास्त्र का सामान्य अर्थ केवल सुंदरता नहीं है।
भारतीय काव्यशास्त्र में ‘रस’ की अवधारणा बताती है कि करुणा भी उतनी ही सौंदर्यपूर्ण हो सकती है जितना श्रृंगार भरतमुनि के नाट्यशास्त्र में करुण रस को मानव संवेदना का अत्यंत प्रभावशाली अनुभव माना गया है। अभिनवगुप्त ने इसकी व्याख्या करते हुए कहा था कि “कला में दुःख वास्तविक दुःख नहीं रहता; वह रस बन जाता है”। यही परिवर्तन दर्शक को पीड़ा नहीं, बल्कि गहरे अनुभव की अनुभूति कराता है। पश्चिम में अरस्तू ने अपनी प्रसिद्ध कृति “पोएटिक्स” में त्रासदी का उद्देश्य ‘कैथार्सिस’ अर्थात “भावनाओं का विरेचन” बताया। दर्शक मंच या कथा में नायक का दुःख देखकर स्वयं के भीतर संचित भय, करुणा और अपराधबोध से मुक्त होता है। भारतीय रस सिद्धांत और अरस्तू का कैथार्सिस अलग-अलग सांस्कृतिक पृष्ठभूमियों से आते हुए भी एक बिंदु पर मिलते हैं यानी दुःख का कलात्मक रूपांतरण मनुष्य को भीतर से अधिक संवेदनशील और अधिक मानवीय बनाता है।
सिनेमा ने इन दोनों परंपराओं को अपने भीतर अद्भुत ढंग से समाहित किया। कैमरा केवल घटनाओं को रिकॉर्ड नहीं करता; वह मनुष्य के भीतर घट रही टूटन को दृश्य भाषा में बदल देता है। प्रकाश और छाया, रंग और मौन, संगीत और विराम, क्लोज-अप और लॉन्ग शॉट ये सब मिलकर भावनात्मक त्रासदी की ऐसी संरचना तैयार करते हैं जो शब्दों से कहीं अधिक प्रभावशाली होती है। किसी अभिनेता की आँखों में ठहरा हुआ मौन कई बार पूरे संवाद से अधिक अर्थपूर्ण हो जाता है। यही वह क्षण है जहाँ सिनेमा साहित्य से अलग अपनी स्वतंत्र भाषा अर्जित करता है। भारतीय सिनेमा में यदि भावनात्मक त्रासदी की परंपरा को देखा जाए तो उसकी जड़ें केवल पश्चिमी ट्रैजेडी में नहीं, बल्कि भारतीय सामाजिक और सांस्कृतिक अनुभवों में भी हैं। स्वतंत्रता से पहले की फिल्मों में गरीबी, सामाजिक असमानता और स्त्री की पीड़ा प्रमुख विषय रहे। विमल राय की ‘दो बीघा ज़मीन’ में किसान केवल जमीन नहीं खोता, वह अपनी पहचान भी खो देता है। ‘बंदिनी’ में नायिका का अपराध उसके भीतर के प्रेम और त्याग से कहीं छोटा दिखाई देता है। गुरु दत्त की ‘प्यासा’ और ‘कागज़ के फूल’ में त्रासदी बाहरी परिस्थितियों से अधिक कलाकार के अकेलेपन की त्रासदी है। इन फिल्मों का दुःख किसी एक पात्र तक सीमित नहीं रहता; वह पूरे समाज का दुःख बन जाता है। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए सत्यजित राय ने ‘पाथेर पांचाली’ में त्रासदी को अत्यंत सूक्ष्म और मानवीय रूप दिया और वहाँ कोई कृत्रिम नाटकीयता नहीं है। दुर्गा की मृत्यु का दृश्य इसलिए नहीं रुलाता कि कैमरा आँसू दिखा रहा है; वह इसलिए रुलाता है क्योंकि पूरी फिल्म में जीवन का जो सहज प्रवाह निर्मित हुआ है, उसके बीच मृत्यु का प्रवेश एक गहरे अस्तित्ववादी शून्य को जन्म देता है। यही सिनेमा का उच्चतम सौंदर्यशास्त्र का आशय है जहाँ भावनाएँ दर्शक पर थोपी नहीं जातीं, बल्कि उसके भीतर स्वतः जन्म लेती हैं। अगर हम विश्व सिनेमा में जापानी निर्देशक यासुजिरो ओज़ु की फिल्मों को देखें तो वहाँ त्रासदी लगभग फुसफुसाहट की तरह आती है। वृद्ध माता-पिता का अकेलापन, बदलते समय में परिवार का विघटन, पीढ़ियों के बीच बढ़ती दूरी इन विषयों को उन्होंने इतनी सादगी से चित्रित किया कि दर्शक फिल्म समाप्त होने के बाद भी लंबे समय तक उन पात्रों के साथ जीता रहता है। इसी प्रकार इटली के वित्तोरियो डी सिका की ‘बाइसिकल थीव्स’ में एक साइकिल की चोरी केवल आर्थिक संकट नहीं, बल्कि मानवीय गरिमा के टूटने की कथा बन जाती है।
यहाँ एक महत्वपूर्ण प्रश्न उठता है कि दर्शक दुखद फिल्मों को क्यों पसंद करता है? मनोवैज्ञानिक दृष्टि से देखें तो कला के किसी भी फॉर्म में में अनुभव किया गया दुःख वास्तविक जीवन के दुःख से अलग होता है। वास्तविक जीवन की पीड़ा हमें तोड़ देती है, जबकि कला में वही पीड़ा हमें अपने भीतर झाँकने का अवसर देती है। हम अपने जीवन की असफलताओं, बिछोहों और अधूरे सपनों को परदे पर घटित होते देखकर स्वयं को अकेला नहीं महसूस करते। कला हमें यह विश्वास दिलाती है कि हमारा दुःख केवल हमारा निजी दुःख नहीं, बल्कि पूरी मानवता का साझा अनुभव है। यही साझा अनुभव भावनात्मक त्रासदी को यूनिवर्सल बनाता है। अगर हम गहराई से देखें तो आधुनिक सिनेमा में हमें भावनात्मक त्रासदी के स्वरूप में उल्लेखनीय परिवर्तन नजर आता है। पहले जहाँ त्रासदी का केंद्र सामाजिक परिस्थितियाँ थीं, वहीं आज वह व्यक्ति के भीतर की टूटन, मानसिक स्वास्थ्य, स्मृति, अपराधबोध और अस्तित्व के संकट या अकेलेपन तक पहुँच चुकी है। अब त्रासदी केवल मृत्यु नहीं है; जीवित रहते हुए धीरे-धीरे भीतर से समाप्त हो जाना भी त्रासदी है। यही कारण है कि समकालीन फिल्मों में मौन का महत्व पहले से कहीं अधिक बढ़ गया है। निर्देशक जानते हैं कि कई बार जो नहीं कहा गया, वही सबसे अधिक दुखद होता है।
भारतीय समानांतर सिनेमा ने भावनात्मक त्रासदी को जिस ऊँचाई तक पहुँचाया, वहाँ वह केवल कथा का परिणाम नहीं रह जाती, बल्कि सामाजिक यथार्थ की नैतिक व्याख्या बन जाती है। श्याम बेनेगल की ‘ अंकुर’, निशांत’ और मंथन जैसी फिल्मों में त्रासदी किसी एक व्यक्ति की नियति नहीं, बल्कि उस सामाजिक संरचना की परिणति है जिसमें सत्ता और शोषण का संबंध पीढ़ियों से कायम है। गोविंद निहलानी की “आक्रोश “और “अर्धसत्य” में त्रासदी बाहरी हिंसा से अधिक उस मौन की है, जो व्यवस्था मनुष्य के भीतर स्थापित कर देती है। ओम पुरी का चेहरा, उनकी आँखों का स्थिर दर्द और संवादों के बीच के लंबे विराम उस करुणा को जन्म देते हैं जिसे शब्द व्यक्त नहीं कर सकते। यहाँ अभिनेता अभिनय नहीं करता, बल्कि अपने शरीर को ही त्रासदी का माध्यम बना देता है। इसके अलावा व्यावसायिक हिंदी सिनेमा में भी भावनात्मक त्रासदी ने दर्शकों की स्मृति पर अमिट छाप छोड़ी है। “मदर इंडिया” में राधा का अपने ही पुत्र को मारना भारतीय सिनेमा के सबसे बड़े नैतिक द्वंद्वों में से एक है। यह केवल एक माँ का निर्णय नहीं, बल्कि न्याय और मातृत्व के बीच संघर्ष की पराकाष्ठा है। “देवदास ” में प्रेम की असफलता केवल व्यक्तिगत दुर्भाग्य नहीं, बल्कि सामाजिक संरचना, वर्ग-भेद और आत्मविनाश की सम्मिलित परिणति है। बिमल राय और बाद में संजय लीला भंसाली दोनों की देवदास अलग-अलग सौंदर्यबोध की फिल्में हैं, किंतु दोनों में त्रासदी का मूल स्रोत मनुष्य की अपनी कमजोरी और सामाजिक दबाव के बीच फँसा हुआ व्यक्तित्व है।
गुरुदत्त के सिनेमा में भावनात्मक त्रासदी का एक बिल्कुल अलग व्याकरण दिखाई देता है। “प्यासा” का विजय समाज द्वारा अस्वीकार किया गया कवि है। उसकी त्रासदी केवल प्रेम में असफल होना नहीं, बल्कि उस समाज में जीना है जहाँ संवेदना की कोई कीमत नहीं। “कागज़ के फूल ” में फिल्म निर्देशक का पतन केवल एक व्यक्ति की विफलता नहीं, बल्कि क्रिएटिविटी और बाज़ार के संघर्ष का प्रतीक बन जाता है। गुरुदत्त की फिल्मों में लाईट और अँधेरे का प्रयोग केवल दृश्य-सौंदर्य नहीं रचता, बल्कि पात्रों की मानसिक अवस्था का दृश्य रूपांतरण करता है और छाया उनके यहाँ मनोविज्ञान बन जाती है।
यदि भावनात्मक त्रासदी के सौंदर्यशास्त्र को तकनीकी दृष्टि से समझा जाए तो संपादन उसकी सबसे महत्वपूर्ण कड़ी बनकर सामने आता है| दर्शक प्रायः अभिनेता और निर्देशक को याद रखता है, लेकिन उसकी भावनाओं की वास्तविक लय संपादक निर्मित करता है। एक दृश्य कितनी देर ठहरेगा, कैमरा कब कट होगा, किस क्षण मौन आएगा, किस क्षण संगीत रुकेगा इन सबका निर्णय ही दर्शक के भावनात्मक अनुभव को नियंत्रित करता है। इसी कारण विश्व सिनेमा के महान संपादकों और भारत में रेणु सलूजा जैसे संपादकों का योगदान केवल तकनीकी नहीं, बल्कि गहरे सौंदर्यशास्त्रीय महत्व का है। परिंदा, द्रोहकाल, मम्मो और सरदारी बेगम जैसी फिल्मों में रेणु सलूजा ने यह सिद्ध किया कि संपादन केवल गति का नहीं, संवेदना का भी शिल्प है। कई बार किसी दृश्य का प्रभाव इस बात से पैदा होता है कि संपादक ने एक अतिरिक्त सेकंड कैमरा ठहरने दिया और वही एक सेकंड दर्शक की आँखों में आँसू ला सकता है। संगीत भी भावनात्मक त्रासदी का दूसरा अनिवार्य तत्व है। भारतीय सिनेमा का संगीत केवल मनोरंजन का साधन नहीं रहा; उसने पात्रों की अनकही पीड़ा को स्वर दिया है। नौशाद, मदन मोहन, सचिन देव बर्मन, सलिल चौधरी, जयदेव, इलैयाराजा और ए. आर. रहमान जैसे संगीतकारों ने यह सिद्ध किया कि धुनें केवल कानों से नहीं, स्मृतियों से भी संवाद करती हैं। मासूम का “तुझसे नाराज़ नहीं ज़िंदगी”, आनंद का “ज़िंदगी कैसी है पहेली”, सदमा का अंतिम दृश्य या रॉकस्टार का संगीत ये सब उदाहरण बताते हैं कि कई बार संगीत स्वयं त्रासदी का पात्र बन जाता है। जब संगीत मौन में विलीन होता है, तब दर्शक के भीतर जो शून्य उत्पन्न होता है, वही भावनात्मक सौंदर्य का चरम क्षण होता है। इसके अलावा रंगों का मनोविज्ञान भी इस सौंदर्यशास्त्र का महत्वपूर्ण हिस्सा है। ब्लैक एंड व्हाइट फिल्मों में लाईट और छाया के विरोध ने भावनात्मक गहराई को जन्म दिया, जबकि रंगीन फिल्मों में मद्धिम रंग, धूसर वातावरण, वर्षा, खाली सड़कें, बंद खिड़कियाँ और लंबी गलियाँ अकेलेपन का विजुअल ग्रामर निर्मित करती हैं। वोंग कार-वाई की फिल्मों में रंग स्मृति बन जाते हैं, इन्गमार बर्गमैन की फिल्मों में चेहरों का क्लोज़-अप आत्मा का दर्पण बन जाता है और आंद्रेई तारकोव्स्की की फिल्मों में धीमी गति से बहता पानी समय और स्मृति की त्रासदी का रूपक बन जाता है। इन निर्देशकों ने सिद्ध किया कि भावनात्मक त्रासदी केवल कथानक से नहीं, दृश्य संरचना से भी जन्म लेती है।
भारतीय दर्शक के भावलोक में परिवार का विशेष स्थान रहा है, इसलिए यहाँ की अधिकांश त्रासदी पारिवारिक संबंधों से जुड़ी हुई दिखाई देती हैं। माँ-बेटे का संबंध, पिता का मौन प्रेम, भाई-बहनों का बिछोह, प्रेम का सामाजिक निषेध, वृद्धावस्था का अकेलापन आदि सब भारतीय संवेदना के ऐसे स्थायी बिंब हैं जो बार-बार फिल्मों में लौटते रहे हैं। पर बेहतरीन फिल्मकार इन संबंधों को भावुकता में नहीं बदलते। वे जानते हैं कि आँसू दिखाने से करुणा उत्पन्न नहीं होती; करुणा उस मौन से जन्म लेती है जिसमें दर्शक स्वयं अपने अनुभव भर देता है। इसी कारण अच्छी ट्रैजिक फिल्में कभी दर्शक से रोने का आग्रह नहीं करतीं। वे केवल जीवन को उसके सबसे ईमानदार रूप में प्रस्तुत करती हैं। दर्शक रोता है क्योंकि वह उस सत्य से बच नहीं पाता जिसे फिल्म ने उसके सामने रख दिया है। कला की सबसे बड़ी सफलता यही है कि वह हमारे भीतर छिपी हुई संवेदनाओं को जगाकर हमें अपने समय और अपने समाज के प्रति अधिक उत्तरदायी बना दे। यहाँ एक बात और विचारणीय है कि समकालीन सिनेमा में भावनात्मक त्रासदी का स्वरूप पहले की तुलना में कहीं अधिक जटिल और बहुस्तरीय हो गया है। बीसवीं शताब्दी के अधिकांश हिस्से में त्रासदी का केंद्र सामाजिक विषमता, आर्थिक अभाव, युद्ध, प्रेम-विछोह या पारिवारिक विघटन था, किंतु इक्कीसवीं शताब्दी में मनुष्य की सबसे बड़ी त्रासदी उसके भीतर घटित होने लगी है। अकेलापन, अवसाद, स्मृतियों का क्षरण, पहचान का संकट, डिजिटल जीवन की कृत्रिम निकटता और वास्तविक संबंधों का कम होना ये सब आधुनिक सिनेमा के नए करुण आख्यान बनकर उभरे हैं। अब नायक किसी खलनायक से पराजित नहीं होता; वह कई बार स्वयं से ही हार जाता है। यह परिवर्तन केवल कथानक का नहीं, बल्कि आधुनिक सभ्यता के बदलते मनोविज्ञान का भी द्योतक है।इस संदर्भ में माइकल हैनेके, क्रिज़िस्तोफ़ किस्लोव्स्की, असगर फरहादी, केन लोच और हिरोकाज़ु कोरेएदा जैसे निर्देशकों का सिनेमा उल्लेखनीय है। इनकी फिल्मों में त्रासदी किसी दुर्घटना या मृत्यु से नहीं, बल्कि जीवन की सामान्य प्रतीत होने वाली परिस्थितियों से जन्म लेती है। एक झूठ, एक चूक, एक असमय लिया गया निर्णय या संवाद की अनुपस्थिति पूरे जीवन को बदल देती है। दर्शक को यह महसूस होने लगता है कि त्रासदी असाधारण घटनाओं में नहीं, बल्कि साधारण जीवन के भीतर छिपी रहती है। यही आधुनिक यथार्थ है और यही उसका सौंदर्यशास्त्र भी।
भारतीय संदर्भ में देखें तो नई पीढ़ी के अनेक फिल्मकारों ने भावनात्मक त्रासदी को नए आयाम दिए हैं| अनुराग कश्यप की फिल्मों में पात्र अपने समय की हिंसा और विखंडन का बोझ उठाते दिखाई देते हैं। नीरज घेवान की “मसान” में मृत्यु केवल श्मशान का विषय नहीं, बल्कि सामाजिक जातिगत संरचनाओं और व्यक्तिगत अपराधबोध से जुड़ा हुआ अनुभव बन जाती है। फिल्म का सबसे बड़ा प्रभाव उसके संवादों से नहीं, बल्कि उन रिक्त स्थानों से पैदा होता है जहाँ पात्र अपनी असहायता के साथ अकेले रह जाते हैं। इसी प्रकार “द लंचबॉक्स” में दो ऐसे व्यक्तियों का संबंध विकसित होता है जो कभी आमने-सामने नहीं मिलते। यहाँ त्रासदी किसी मृत्यु में नहीं, बल्कि उस संभावना के अधूरे रह जाने में है जो जीवन को बदल सकती थी। यह अधूरापन ही फिल्म का सबसे बड़ा भावात्मक सौंदर्य है।
त्रासदी का एक अत्यंत महत्वपूर्ण पक्ष स्मृति से जुड़ा हुआ है। स्मृति मनुष्य को उसके अतीत से जोड़ती है, किंतु वही स्मृति कई बार उसकी सबसे बड़ी यातना भी बन जाती है। विश्व सिनेमा में ऐसी अनेक फिल्में हैं जहाँ स्मृतियाँ कथा का वास्तविक नायक हैं। भारतीय फिल्मों में भी अतीत बार-बार वर्तमान में लौटता है और पात्रों को भीतर से तोड़ता है। स्मृति का यह सौंदर्यशास्त्र दर्शाता है कि समय कभी पूरी तरह बीतता नहीं; वह मनुष्य के भीतर जीवित रहता है। कैमरा जब किसी पुराने घर, खाली कमरे, बंद खिड़की या धूल जमी वस्तु पर ठहरता है, तब वह केवल वस्तु का चित्र नहीं बना रहा होता, बल्कि स्मृति की दृश्य संरचना रच रहा होता है।
भावनात्मक त्रासदी के निर्माण में मौन का महत्व विशेष रूप से उल्लेखनीय है| अच्छे फिल्मकार जानते हैं कि मनुष्य सबसे अधिक तब बोलता है जब वह बिल्कुल चुप होता है। बर्गमैन, ओज़ु, सत्यजित राय, अदूर गोपालकृष्णन और मणि कौल जैसे निर्देशकों के यहाँ मौन संवाद से अधिक अर्थपूर्ण हो जाता है। भारतीय लोकप्रिय सिनेमा में जहाँ लंबे संवाद और भावपूर्ण संगीत दर्शकों को भावुक बनाते रहे, वहीं समानांतर सिनेमा ने यह सिद्ध किया कि कई बार केवल एक दृष्टि, एक साँस या एक अधूरा वाक्य दर्शक के भीतर अधिक गहरी हलचल पैदा कर सकता है। अभिनय की दृष्टि से भी भावनात्मक त्रासदी अत्यंत चुनौतीपूर्ण क्षेत्र है। यहाँ अभिनेता को आँसू बहाने से अधिक उन्हें रोकना पड़ता है। सहज अभिनय का सबसे कठिन पक्ष यही है कि अभिनेता अपने भीतर की पीड़ा को पूरी तरह व्यक्त न करे, बल्कि उसका संकेत भर दे। दिलीप कुमार को भारतीय सिनेमा का ‘ट्रेजेडी किंग’ केवल इसलिए नहीं कहा गया कि उन्होंने दुखद भूमिकाएँ निभाईं, बल्कि इसलिए कि उन्होंने पीड़ा को अत्यधिक अभिनय का विषय नहीं बनने दिया। उनकी आँखों में उपस्थित संयमित करुणा दर्शक के भीतर स्वयं विकसित होती थी। स्मिता पाटिल, शबाना आज़मी, ओम पुरी, नसीरुद्दीन शाह, इरफ़ान और तब्बू जैसे कलाकारों ने भी इसी परंपरा को आगे बढ़ाया, जहाँ अभिनय का प्रभाव उसकी आंतरिक सच्चाई से उत्पन्न होता है।
यहाँ यह प्रश्न भी विचारणीय है कि क्या हर दुखद फिल्म कलात्मक रूप से सफल होती है? उत्तर स्पष्टतः नहीं है| त्रासदी और भावुकता के बीच अत्यंत सूक्ष्म अंतर है। जब फिल्म केवल दर्शक से आँसू निकालने के उद्देश्य से घटनाओं का संचय करती है, तब वह मेलोड्रामा बन जाती है। किंतु जब वही फिल्म मानवीय अनुभव की गहरी सच्चाइयों को ईमानदारी से प्रस्तुत करती है, तब वह त्रासदी का उच्च कला-रूप बन जाती है। एक अच्छा निर्देशक दर्शक की भावनाओं का शोषण नहीं करता बल्कि वह उन्हें सम्मान देता है। वह जानता है कि करुणा आरोपित नहीं की जा सकती, उसे अर्जित करना पड़ता है।
यहीं फिल्म संपादन, पटकथा, छायांकन और साउंड डिजाइनिंग की सामूहिक भूमिका सामने आती है| यदि पटकथा पात्रों के साथ पर्याप्त समय नहीं बिताती, यदि कैमरा उनकी मानसिक यात्रा को समझने का अवसर नहीं देता, यदि संपादन भावनात्मक लय को तोड़ देता है या संगीत अनावश्यक रूप से भावुक हो जाता है, तो पूरी त्रासदी कृत्रिम प्रतीत होने लगती है। इसके विपरीत जब सभी कलात्मक घटक एक ही संवेदनात्मक उद्देश्य की ओर काम करते हैं, तब फिल्म दर्शक के भीतर लंबे समय तक जीवित रहती है।
शायद यही कारण है कि हम अनेक फिल्मों की कहानी भूल जाते हैं, लेकिन उनके कुछ दृश्य जीवन भर नहीं भूलते। पाथेर पांचाली में वर्षा के बाद का सन्नाटा, मदर इंडिया का अंतिम निर्णय, प्यासा का उपेक्षित कवि, आनंद की अंतिम मुस्कान, सदमा का रेलवे स्टेशन, मसान का गंगा किनारा या द लंचबॉक्स का अधूरा मिलन ये दृश्य हमारे भीतर इसलिए बस जाते हैं क्योंकि उन्होंने त्रासदी को केवल घटना नहीं रहने दिया; उसे मानवीय अनुभव में बदल दिया। इन सभी से परे भावनात्मक त्रासदी का सबसे बड़ा सौंदर्य यह है कि वह मनुष्य को निराशा नहीं, बल्कि आत्मबोध देती है। देखने में यह विरोधाभास प्रतीत हो सकता है कि दुःख पर आधारित कला मनुष्य को जीवन के प्रति अधिक आस्थावान कैसे बना सकती है, किंतु सिनेमा का इतिहास इसी विरोधाभास की पुष्टि करता है। जब दर्शक किसी पात्र के संघर्ष, पराजय, विछोह या मृत्यु को देखता है, तब वह केवल उस पात्र के जीवन का साक्षी नहीं होता; वह अनायास ही अपने जीवन की ओर लौटने लगता है। वह अपने संबंधों, अपने निर्णयों, अपनी स्मृतियों और अपने अपराधबोध को नए सिरे से देखने लगता है। इस प्रकार त्रासदी जीवन से पलायन नहीं कराती, बल्कि जीवन की ओर अधिक गंभीरता से लौटने का अवसर देती है। यही उसका सबसे बड़ा सौंदर्यशास्त्रीय और मानवीय मूल्य है।
भारतीय दार्शनिक परंपरा में जीवन को अनित्य माना गया है। उपनिषदों से लेकर बुद्ध, कबीर और आधुनिक भारतीय चिंतन तक यह विचार बार-बार उपस्थित होता है कि परिवर्तन ही जीवन का शाश्वत सत्य है। सिनेमा जब इस नश्वरता को दृश्य भाषा में व्यक्त करता है, तब वह केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं रहता, बल्कि दर्शन का भी माध्यम बन जाता है। किसी पात्र की मृत्यु, किसी संबंध का अंत, किसी घर का उजड़ना या किसी सपने का टूट जाना केवल व्यक्तिगत घटनाएँ नहीं रह जातीं; वे समय की उस निरंतर गति का प्रतीक बन जाती हैं जिसके सामने प्रत्येक मनुष्य अंततः असहाय है। किंतु इसी असहायता में मनुष्य की करुणा, उसकी संवेदना और उसका प्रेम सबसे अधिक उजागर होता है। आज जब ग्लोबल स्तर पर मनोरंजन उद्योग तेज गति, चकाचौंध, इंस्टेंट विजुअल और इंस्टेंट उत्तेजना पर अधिक निर्भर होता जा रहा है, तब भावनात्मक त्रासदी पर आधारित गंभीर फिल्मों के सामने एक नई चुनौती उपस्थित हुई है। आज स्ट्रीमिंग प्लेटफ़ॉर्म और सोशल मीडिया के युग में दर्शक का ध्यान कुछ ही क्षणों में भटक जाता है। ऐसे समय में धीमी गति से विकसित होने वाली, मौन और सूक्ष्म संवेदनाओं पर आधारित फिल्मों का निर्माण जोखिमपूर्ण माना जाता है। इसके बावजूद यह बात कम आश्चर्यजनक नहीं कि ऐसी फिल्मों का महत्व कम नहीं हुआ है और शायद इसका कारण यह है कि मनुष्य की मूल भावनाएँ नहीं बदली हैं। तकनीक बदल सकती है, देखने के माध्यम बदल सकते हैं, लेकिन प्रेम, वियोग, अपराधबोध, स्मृति और अकेलापन आज भी उतने ही गहरे अनुभव हैं जितने सौ वर्ष पहले थे। यही कारण है कि जब भी कोई फिल्म इन मूल मानवीय अनुभवों को ईमानदारी से चित्रित करती है, तो वह समय और भाषा की सीमाओं को पार कर जाती है। सत्यजित राय की पाथेर पांचाली, बिमल राय की बंदिनी, गुरु दत्त की प्यासा, ऋत्विक घटक की मेघे ढाका तारा, अकिरा कुरोसावा की इकिरू, वित्तोरियो डी सिका की बाइसिकल थीव्स, यासुजिरो ओज़ु की टोक्यो स्टोरी या समकालीन दौर की मसान और द लंचबॉक्स इन सभी फिल्मों की सांस्कृतिक पृष्ठभूमि अलग है, लेकिन इनका भावनात्मक सत्य एक हैऔर यही इस कला की सबसे बड़ी शक्ति है।
फिल्मों में भावनात्मक त्रासदी का सौंदर्यशास्त्र हमें यह भी सिखाता है कि कला कभी भी केवल दुःख का उत्सव नहीं मनाती, वह दुःख को अर्थ देती है और वह पीड़ा को मानवीय गरिमा में रूपांतरित करती है। वह पराजय के भीतर भी मनुष्य की नैतिक शक्ति को खोजती है। इसलिए श्रेष्ठ ट्रैजिक फिल्में देखने के बाद दर्शक टूटता नहीं, बल्कि कहीं अधिक संवेदनशील होकर बाहर निकलता है। उसके भीतर दूसरों के दुःख को समझने की क्षमता बढ़ती है। वह अपने समय के अन्याय, असमानता और अकेलेपन के प्रति अधिक सजग होता है। यदि कोई फिल्म यह परिवर्तन उत्पन्न कर सके, तभी वह अपने कलात्मक उद्देश्य को प्राप्त करती है। यहाँ यह कहने में कोई अतिशयोक्ति नहीं होगी कि भावनात्मक त्रासदी किसी एक विधा या शैली की बपौती नहीं है। वह समानांतर सिनेमा में भी उतनी ही प्रभावशाली हो सकती है, जितनी लोकप्रिय कमर्शियल फिल्मों में। अंतर केवल इतना है कि एक सिनेमा उसे सूक्ष्म संकेतों, मौन और यथार्थ के माध्यम से व्यक्त करता है, जबकि दूसरा संगीत, संवाद और नाटकीय संरचना के सहारे। अंततः निर्णायक तत्व माध्यम नहीं, ईमानदारी है। यदि पात्रों का दुःख वास्तविक है, यदि उनका संघर्ष जीवन की सच्चाइयों से जन्म लेता है और यदि निर्देशक दर्शक की भावनाओं का शोषण करने के बजाय उन्हें समझने का प्रयास करता है, तो त्रासदी कला का उच्चतम रूप बन जाती है। संभवतः यही कारण है कि विश्व सिनेमा की सबसे दीर्घजीवी कृतियाँ प्रायः ट्रैजिक रही हैं। वे हमें बार-बार याद दिलाती हैं कि मनुष्य की महानता उसकी सफलताओं में नहीं, बल्कि उसकी असफलताओं को गरिमा के साथ स्वीकार करने की क्षमता में निहित है। सिनेमा इस गरिमा का सबसे सशक्त दृश्य दस्तावेज़ है। वह हमें सिखाता है कि आँसू केवल दुर्बलता का प्रतीक नहीं होते; वे मनुष्य होने की अंतिम पहचान भी हैं। अंततः कहा जा सकता है कि फिल्मों में भावनात्मक त्रासदी का सौंदर्यशास्त्र केवल फिल्म अध्ययन का विषय नहीं, बल्कि मनुष्य और उसकी संवेदना को समझने की एक गहन सांस्कृतिक प्रक्रिया है। यह हमें बताता है कि कला का उद्देश्य केवल आनंद देना नहीं, बल्कि मनुष्य को उसके भीतर छिपे हुए सत्य से परिचित कराना भी है। जिस दिन सिनेमा दर्शक को रुलाने के साथ-साथ उसे अधिक करुणाशील, अधिक आत्मदर्शी और अधिक मानवीय बना देता है, उसी दिन वह अपने सर्वोच्च कलात्मक शिखर को प्राप्त कर लेता है। शायद यही कारण है कि समय बीत जाता है, पीढ़ियाँ बदल जाती हैं, तकनीक बदल जाती है, लेकिन महान ट्रैजिक फिल्मों के दृश्य हमारी स्मृतियों में वैसे ही जीवित रहते हैं जैसे जीवन के वे क्षण, जिन्होंने हमें भीतर से बदल दिया था।
लेखक: सेवा निवृत्त वरिष्ठ बीमा अधिकारी राजेश कुमार सिन्हा एक कवि, कथाकार लेखक, समीक्षक और अनुवादक हैं| उन्होंने अर्थशास्त्र में एम.ए. तथा पत्रकारिता में डिप्लोमा किया है। 1980 के दशक से लेखन के क्षेत्र में सक्रिय हैं और उनकी 5000 से अधिक रचनाएँ राष्ट्रीय स्तर की पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हो चुकी हैं। उन्होंने इंश्योरेंस इंस्टिट्यूट ऑफ इंडिया के लिए दो दर्जन से अधिक बीमा संबंधी पुस्तकों का हिंदी अनुवाद किया है। उनकी दो फिल्म विषयक पुस्तकें “अपने-अपने चलचित्र” और “सिंगल स्क्रीन से मल्टीप्लेक्स” प्रकाशित हैं। इसके अलावा एक कहानी, दो कविता संग्रह और एक निबंध संग्रह भी प्रकाशित हैं। इसके अलावा उन्होंने दो साझा काव्य संग्रहों का संपादन भी किया है। एक डॉक्यूमेंट्री फिल्म के कमेंट्री लेखन के लिए उन्हें भारत सरकार का “नेशनल अवार्ड” भी मिल चुका है। संप्रति “सृजनिका” (साहित्यिक त्रैमासिक पत्रिका) के मुख्य उप संपादक और मुंबई (महाराष्ट्र) में निवास करते हैं। संपर्क:7506345031